राज्य के स्कूलों में योग शिक्षकों की होगी नियुक्ति -हिन्दुस्तान

राज्य के स्कूलों में योग शिक्षकों की होगी नियुक्ति -हिन्दुस्तान

    राज्य के स्कूलों में योग शिक्षकों की होगी नियुक्ति -हिन्दुस्तान 

                   झारखंड राज्य के स्कूलों में योग शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को की। वह चाईबासा में विद्या विकास समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्राचार्य सम्मेलन का उद्घाटन कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा को गरीबी मिटाने की जड़ी-बूटी बताया। इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण करानेवालों को चेतावनी दी कि गरीबी को लाभ कमाने का धंधा अब चलने नहीं दिया जाएगा। भय और लोभ से गरीबों को अपनी ओर आकर्षित करनेवालों से सख्ती से निबटा जाएगा। 
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए लगातार काम कर रही है। आज से एक हजार दिन पहले तक राज्य में 11 लाख ड्रॉप आउट बच्चे थे। सरकार ने स्कूल चलें चलायें अभियान चला कर छह लाख बच्चों को स्कूल से जोड़ा। आज ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या पांच लाख रह गई। राज्य जल्दी ही शून्य ड्रॉप आउट पर आ जाएगा। स्कूलों में बिजली लगाने के लिए विद्यालय समिति को राशि दे दी गई है। ऊर्जा विभाग को स्कूलों में बिजली बहाल करने और पेयजल विभाग को पाइपलाइन के जरिये शुद्ध पेयजल बच्चों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्र और संविधान विरोधी शक्तियों का खात्मा करेगी। अशिक्षा के कारण राष्ट्र विरोधी शक्तियां ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त हैं। वैसी राष्ट्र विरोधी, संविधान विरोधी और विदेशी शक्तियों को सरकार चिह्नित कर रही है।  उन्होंने कहा कि गुलाम भारत के बाद से भारतीय संस्कृति को नष्ट करने का षडयंत्र होता रहा। राष्ट्र विरोधी शक्तियां लगातार इसे नष्ट करने का प्रयास कर रही हैं। यह अशिक्षा की वजह से हो रहा है। ऐसी शक्ति सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय है।